स्योहारा (बिजनौर)। थाना स्योहारा क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी पत्नी व उसके प्रेमी पर हत्या कर ड्रम में भरने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
ग्रामीण ने बताया कि उसकी शादी दस वर्ष पूर्व हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। डेढ़ वर्ष पूर्व वह रोजगार के सिलसिले में मुरादाबाद के हरथला क्षेत्र में किराये के मकान में रहने लगा। इसी दौरान पत्नी के गांव के ही व्यक्ति से अनैतिक संबंध हो गए। पत्नी और उसके प्रेमी ने उसके घर से लगभग ढाई लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। आरोप है कि 10 अगस्त को उसे पत्नी के मोबाइल फोन से एक ऑडियो क्लिप मिली, जिसमें पत्नी और उसका प्रेमी उसके खिलाफ साजिश रचते और हत्या की योजना बनाते सुनाई दिए। जब उसने पत्नी से पूछताछ की तो उसने प्रेमी को बुला लिया। दोनों ने उसे मारकर ड्रम में भर देने की धमकी दी। किसी तरह वह बचकर बाहर भागा और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।