अफजलगढ़। बढ़ापुर थाने के एक गांव में युवती की शादी की तैयारियां उस समय धरी रह गईं जब निर्धारित समय तक भी दूल्हा सऊदी अरब से नहीं पहुंचा। दूल्हे के नहीं आने पर युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। युवती की मां ने तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी बढ़ापुर निवासी एक युवक के साथ तय की थी। युवक सऊदी अरब में रहकर काम करता है। 15 अप्रैल को बरात आनी तय हो गई थी। उसका कहना है कि जैसे-जैसे शादी की तारीख नजदीक आती रही युवक सऊदी से आने की तारीख बढ़ाता रहा तथा दो दिन से वह सुबह-शाम पहुंचने की बात करता रहा। इस बीच वह दहेज के संबंध में भी जानकारी करता रहा। युवती की मां कहना है कि उन्होंने शादी में बाइक व अन्य सामान देने की तैयारी कर ली थी। युवक का इरादा शादी में स्विफ्ट कार लेने का था, जो वह देने में असमर्थ है। आरोप है कि जब युवक को कार न मिलने का पता लगा तो उसने सऊदी से आने से इन्कार कर दिया। युवक के सऊदी से न आने से शादी की सभी तैयारियां धरी रह गईं। इस संबंध में सीओ आलोक सिंह ने बताया की दोनों पक्षों में फैसले के लिए वार्ता चल रही है। उसके बाद आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।