- पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का किया खुलासा
- हत्यारोपी ने नलकूप ऑपरेटर से उधार ले रखे थे ढाई लाख रुपये
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पुलिस ने बिजनौर पालिका के नलकूप ऑपरेटर के हत्यारोपी को गिरफ्तार करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हत्यारोपी ने उधार लिए ढाई लाख रुपये की वापसी का तकादा करने पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्यारोपी का चालान कर दिया है।
शुक्रवार को एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि शहर कोतवाली पुलिस ने हत्यारोपी रिंकू शर्मा उर्फ अमन शर्मा निवासी स्मृति विहार वीआईपी कॉलोनी बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि रिंकू शर्मा ने नलकूप ऑपरेटर लेखराज से ढाई लाख रुपये उधार ले रखे थे। करीब छह महीने पहले उसने रकम उधार ली थी। उधर, लेखराज पर भी कर्ज था, जिसे चुकता करने के लिए वह अपने पैसे रिंकू शर्मा से वापस मांग रहा था। कर्ज लौटना नहीं पड़े, इसके लिए आरोपी ने लेखराज की हत्या करने की योजना बनाई।
योजना के तहत ही आरोपी शराब पिलाने के लिए नलकूप ऑपरेटर को मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे पर स्वाहेड़ी गांव के पास ले गया। जहां उसने शराब पिलाने के बाद डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी। बता दें कि मंगलवार की सुबह मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे पर बिजनौर किरतपुर के बीच सडक किनारे एक शव पड़ा मिला था, जिसकी शिनाख्त बिजनौर नगर पालिका के नलकूप ऑपरेटर लेखराज 55 वर्ष निवासी रविदास नगर के रुप में हुई थी।
मामले में मृतक के बेटे की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, बताया गया कि ड्यूटी के दौरान ही सोमवार की शाम से ही नलकूप ऑपरेटर लापता हो गया था। पुलिस ने पड़ताल करते हुए हत्यारोपी रिंकू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा और स्कूटी को बरामद कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में शहर कोतवाल जीत सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार आदि शामिल रहे।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
बिजनौर। बिजनौर के मोहल्ला बुखारा में ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। जिसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शव की शनाख्त मनोज कुमार 30 साल पुत्र हंशा सिंह निवासी बुखारा के रूप में हुई। यह हादसा रात में दो बजे हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।