नूरपुर में तीन की मौत के मामले में मुआवजे की मांग कर रहे परिजनाें और ग्रामीणों को समझाते पुलिसक
- सड़क हादसे में हो गई थी ताऊ और उसके दो भतीजों की मौत
- सीओ के आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर। एक परिवार के तीन लोगों की अर्थियां मुआवजे की मांग को लेकर दो घंटे पिंडदान स्थल पर रखी रहीं। पुलिस ने मुआवजे दिलाने और कार चालक की शीघ्र ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिस के बाद परिजनों ने शमशान ले जाकर तीनों का अंतिम संस्कार किया।
शनिवार की शाम को मुरादाबाद हाईवे पर भट्टा मजदूर गांव गोहावर जैत निवासी समरपाल (58) व उसके भतीज सुरेश (40) कार से टकराकर मौत हो गई थी। जबकि घायल विपिन (37) ने मुरादाबाद उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। एक ही परिवार में तीन मौत से कोहराम मच गया। रविवार को सुबह 11 बजे तीनों की अर्थियां एक साथ घर से उठी तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर तीनों की अर्थियां गांव के अड्डे पर पिंडदान स्थल पर रख दी।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी चांदपुर सर्वम सिंह, थानाध्यक्ष संजय कुमार, राजस्व निरीक्षक योगेन्द्र कुमार व लेखपाल दिनेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा शासन स्तर से हरसंभव आर्थिक मदद व फरार कार चालक की शीघ्र ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद दोपहर एक बजे तीनों की अर्थियां गांव के श्मशान पर ले जाई गई। वहां तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।