बिजनौर। गांव पिलाना में महिला को मारने वाले गुलदार को नरभक्षी घोषित करने के लिए टीम दो दिन से उसके पगमार्क तलाशने में जुटी गई है। पिछले माह महिला पर हमला करने वाले गुलदार से इसके पगमार्क मिलते हैं, तो उसे नरभक्षी घोषित का प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके अलावा वन विभाग अब एनाउंसमेंट कराकर लोगों को क्षेत्र में गुलदार से सतर्क रहने की हिदायत दे रहा है।
पिलाना गांव में शनिवार को गुलदार ने एक महिला को हमला कर मार दिया था। इसके बाद से इस गांव में जिले के अलावा पीलीभीत, इटावा समेत कई जगह के विशेषज्ञ गुलदार की तलाश में जुटे हुए हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं, वहीं ड्रोन से भी उसकी तलाश की जा रही है। पिछले माह भी इसी गांव में एक और महिला की मौत गुलदार के हमले में हो चुकी है। ऐसे में दोनों हमलों में एक ही गुलदार के होने की आशंका भी है।
डीएफओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गुलदार की तलाश चल रही है। जो हमला पहले हुआ था, उसके पगमार्क हमारे पास है। दो दिन पहले हुए हमले में कौन सा गुलदार था, इसकी भी जांच चल रही है।
- गुलदार ने निराश्रित गोवंश का शिकार किया
हीमपुर दीपा। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर खुर्द में सोमवार को पशुओं के लिए चारा लेने जंगल जा रहे किसानों ने गुलदार को एक निराश्रित गोवंश को अपना शिकार बनाते हुए देखा। किसान गुलदार के डर से इकट्ठा होकर जंगल जाने से लिए मजबूर हो गए।