बिजनौर/अफजलगढ़। अफजलगढ़ में जैव चिकित्सा अपशिष्ट का सही निस्तारण नहीं करने वाले अस्पतालों पर टीम ने कार्रवाई की। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने तीन निजी अस्पतालों का निरीक्षण कर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही भविष्य में खुले में जैव चिकित्सा अपशिष्ट न फेंकने की चेतावनी दी।
अफजलगढ़ में बस स्टैंड जसपुर व धामपुर मार्ग पर कई निजी अस्पताल ऐसे हैं, जो जैव चिकित्सा अपशिष्ट का सही से निस्तारण नहीं करते हैं। जिसको लेकर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम ने तीन निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। डॉ. हितेंद्र ने बताया कि अफजलगढ़ में जसपुर मार्ग स्थित एमटी अस्पताल पर 10 हजार रुपये, एसएल नर्सिंग होम पर पांच हजार रुपये और लाइफ लाइन अस्पताल पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। हालांकि इनमें से दो अस्पतालों ने जुर्माने की राशि नहीं दी। जिसको लेकर शुक्रवार को अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
उधर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार का कहना है कि जैव चिकित्सा अपशिष्ट का सही निस्तारण नहीं करने वाले अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पहले भी निजी अस्पतालों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया है। इस मौके पर डॉ. विशाल, पालिका से बृजमोहन सिंह, रोबिन अग्रवाल, सनी गुप्ता, प्रियांश आदि मौजूद रहे।
- वर्जन : निजी अस्पतालों को जैव चिकित्सा अपशिष्ट का सही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई अस्पताल लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। - डॉ. विजय कुमार गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी, बिजनौर