बिजनौर, किरतपुर। नाबालिग लड़की के निकाह का मामला सामने आते ही बाल संरक्षण की टीम ने शादी समारोह में आ धमकी। विदाई से पहले ही टीम ने नाबालिग को संरक्षण में ले लिया।
सोमवार को किरतपुर के मोहल्ला अंसारियान में एक घर में निकाह की रस्म अदा की जा रही थी। दुल्हन के नाबालिग होने की सूचना पर बाल संरक्षण अधिकारी रुबी गुप्ता ने घर में छापा मारा। टीम ने दूल्हा और दुल्हन के बयान दर्ज किए। दुल्हन के नाबालिग निकलने पर दूल्हा-दुल्हन को थाने लाया गया। बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि निकाह निरस्त कराया जाएगा। हालांकि टीम के पहुंचने तक निकाह हो चुका था, अब विदाई की तैयारी चल रही थी।
जांच पड़ताल करने पर दुल्हन बनी नाबालिग लड़की की उम्र 16 वर्ष और दूल्हे साहिल की उम्र 21 वर्ष पाई गई। बाल संरक्षण अधिकारी दुल्हन को बिजनौर ले गई। उन्होंने बताया कि नाबालिग के निकाह में शामिल सहयोगियों की जांच कराकर रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। कोतवाल जय भगवान सिंह ने बताया कि यह बाल संरक्षण विभाग का है। हमें कोई तहरीर नहीं मिली है।