- मोटा महादेव मंदिर सहित नगर के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
फोटो-31एनजेडबी03ए, 03बी, 03सी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावली/नजीबाबाद। सावन के चौथे सोमवार को मोटा महादेव मंदिर सहित नगर के शिवालय बम भोले के जयकारे गूंजे। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंडावली के मोटा महादेव मंदिर में सोमवार को तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सुबह तड़के मंदिर के पुजारी शशिनाथ ने विशेष पूजा के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। नगर सहित आसपास के ग्रामीण मंदिर पर जलाभिषेक और पूजा अर्चना के लिए सुबह से ही पहुंच गए। घंटों लाइन में लगकर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
गांव शेखुपुरा आलम निवासी देवेंद्र सिंह की ओर से सावन के चौथे सोमवार को भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक करने के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। उधर, रेलवे स्टेशन परिसर के शिव मंदिर, शिव वाटिका, सीकेआई चौराहे स्थित शिव शक्तिधाम सहित नगर के शिवालयों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और परिवार की खुशहाली की कामना की।