- सड़क में खंभे होने से बना हुआ है हादसों का खतरा
-शादीपुर नहटौर रोड की चौड़ाई बढ़ाकर की गई है सात मीटर
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। बालावाली फीना मार्ग चौड़ीकरण परियोजना में शामिल नहटौर शादीपुर रोड पर बिजली के खंभों की वजह से हादसा हो सकता है। दरअसल, सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर सात मीटर की गई है, मगर खंभों को नहीं हटाया गया। बिजली की लाइन अभी तक तीन मीटर चौड़ी सड़क के लिहाज से ही खड़ी है। खंभे सड़क के बीच में आ गए हैं।
शादीपुर से नहटौर मार्ग पहले तीन मीटर चौड़ा हुआ करता था। अब इस सड़क का चौड़ीकरण कार्य कराया गया है। पहले सड़क तीन मीटर चौड़ी थी, अब चौड़ीकरण हुआ है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान लाइन शिफ्टिंग का कार्य नहीं किया गया। जिसके कारण कई खंभे सड़क की जद में आ गए हैं। बिना लाइन शिफ्टिंग के ही सड़क बना दी गई है। इससे राहगीरों को दुर्घटनाओं का डर सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर खंभे तथा पेड़ों को नहीं हटाया गया है। जिससे रात के समय दुर्घटना होने की संभावना बन रही है।
गांव ककराला निवासी भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष तिलक राज सैनी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचित किया तथा शिकायती पत्र भी दिया। इसके बावजूद लाइन शिफ्टिंग का कार्य नहीं किया गया है। लाइन शिफ्टिंग तथा पेड़ हटाने के लिए 39 लाख रुपए का बजट मिला है।
ग्राम मलकपुर देहरी निवासी नरेश प्रधान का कहना है कि कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई है।पेड़ भी सड़क में खड़े हैं और खंबे भी। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है तुरंत लाइन शिफ्टिंग की जानी चाहिए।
-
ग्राम लल्लावाला निवासी सोनू सैनी का कहना है कि ऐसा पहली बार देखने में आया है कि सड़क बनाने के बाद खंभे तथा लाइन की शिफ्टिंग की जाएगी। इससे सरकारी धन का नुकसान होगा। यह पहले होने वाला काम था जिसे बाद में किया जा रहा है।
बरसात से पहले सड़क का चौड़ीकरण करना जरुरी था, लाइन शिफ्टिंग का काम बिजली विभाग का है। बिजली निगम के अधिकारियों से बातचीत करते हुए जल्द ही खंभों को हटवाने का काम किया जाएगा। ....एसके राव, अधिशासी अभियंता लोनिवि