- कागजों में सड़क निर्माण दिखाकर दो लाख 30 हजार रुपये निकालने का मामला
- ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और अवर अभियंता के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कलां। धरातल पर कुछ नहीं हुआ, लेकिन कागजों में सड़क का निर्माण कर दिया गया। यह करतूत जिम्मेदारों पर भारी पड़ गई है। दरअसल, सड़क का निर्माण दिखाकर दो लाख तीस हजार रुपये के फर्जी भुगतान के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और अवर अभियंता के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सहायक विकास अधिकारी की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई।
ग्राम पंचायत शिवाला कलां की वार्ड सदस्य और वर्तमान में कार्यवाहक ग्राम प्रधान हेमलता शर्मा ने डीएम से शिकायत की थी। जिसमें ग्राम प्रधान जाबिर हुसैन, ग्राम सचिव रेखा चौहान पर गांव में नसीम के घर से सरफराज के घर तक सीसी रोड व नाली निर्माण दिखाते हुए फर्जी तरीके से दो लाख 30 हजार का भुगतान कर लेने का आरोप लगाया गया। डीएम ने मामले की जांच कराई।
खंड विकास अधिकारी नूरपुर व डीडीओ बिजनौर व अन्य अधिकारियों ने शिकायती पत्र के संबंध में स्थलीय जांच की गई थी। जांच में आरोपों को सही पाया गया। रिपोर्ट अनुमोदन के लिए जिला अधिकारी को भेज दी गई थी। जिस पर डीएम ने ग्राम प्रधान मोहम्मद जाबिर हुसैन व सचिव रेखा रानी तथा अवर अभियंता अनिल कुमार के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने के आदेश किए थे।
इसी क्रम में सहायक विकास अधिकारी पंचायत नूरपुर ने तीनों आरोपियों के खिलाफ शिवाला कलां पुलिस को तहरीर सौंपी। एडीओ की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान, सचिव और अवर अभियंता के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभार सत्येंद्र सिंह ने मुकदमा पंजीकृत करने की पुष्टि की है।