नजीबाबाद के गांव हुसैनपुर में तालाब में डूबे बारहसिंघा को लेने पहुंचे वनकर्मी।
- फोटो : NAZIBABAD
कुत्तों से बचने के लिए तालाब में गिरा बारहसिंघा
जलालाबाद/नजीबाबाद। तालाब में गिरे बारहसिंघा की क्षेत्रीय युवकों ने जान बचाकर उसे वन विभाग को सौंप दिया। तहसील के गांव औरंगाबाद उर्फ हुसैनपुर आबादी के निकट जंगल से भटककर एक बारहसिंघा पहुंच गया। कुत्तों द्वारा पीछा करने पर बारहसिंघा क्षेत्र के तालाब में गिर गया। संयोग से आसपास के ग्रामीणों ने बारहसिंघा को तालाब में गिरते देख लिया। शीतलहर और बूंदाबांदी के बीच क्षेत्रीय युवकों जितेंद्र कुमार, काके और सूरज ने ठंड की परवाह किए बिना रस्सी के सहारे तालाब में फंसे बारहसिंघा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। क्षेत्रवासियों ने बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद को घटना की सूचना दी। वन कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारहसिंघा को अपने कब्जे में ले लिया। तालाब में गिरे बारहसिंघा की आयु लगभग चार वर्ष बताई गई।