बिजनौर। चुनाव के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। हर गतिविधियों पर नजर रखे रही। विकास भवन के बाहर बैरियर पर सपा नेताओं से कई बार पुलिस उलझी। वहां से गुजरने वाले लोगों के साथ भी पुलिस ने बदसलूकी की। सपा नेताओं ने हंगामा भी किया। मतदान को लेकर चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात की गई थी। विकास भवन के बाहर बैरियर के अलावा प्रदर्शनी चौक, जिला सहकारी बैंक, कलक्ट्रेट के बाहर व अन्य स्थानों पर पुलिस तैनात थी। विकास भवन के बाहर बैरियर पर कई बार सपा नेताओं ने अंदर आने की कोशिश की पर पुलिस ने नहीं आने दिया। सपा नेताओं ने इसे लेकर हंगामा भी किया। पुलिस की हरकत पर पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश भी भड़क गए और खूब खरी खोटी सुनाई। पुलिस ने कई लोगों के साथ बदसलूकी की। कलक्ट्रेट अपने कार्य से जा रहे लोगों को भी नहीं जाने दिया गया। यही आलम प्रदर्शनी चौक पर भी रहा। वहां से भी किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। कई लोग पुलिस से भी उलझते रहे। कई बार हंगामे की भी नौबत आई।