बिजनौर के विकास भवन सभागार में विभीषिका स्मृति दिवस पर विस्थापित परिवारों के सदस्यों को सम्मानि
-विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। देश के बंटवारे के दर्द को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नफरत और हिंसा की वजह से हमारे लाखों बहन-भाइयों को विस्थापित होना पड़ा और अपनी जान तक गंवानी पड़ी। यह बात जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने कही।
बुधवार को विकास भवन में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इसमें देश विभाजन के वक्त जान गंवाने वाले लोगों को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। उनकी याद में दो मिनट का मौन रखा गया। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि विभाजन विभीषिका के अवसर पर होने वाला पलायन मानव इतिहास का सबसे बड़ा पलायन है। जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विभाजन की विभीषिका को याद करने एवं इस पीड़ादायक त्रासदी के बारे में युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया है।
विभाजन विभीषिका के समय विस्थापित सुरेंद्र गुलाटी, सहित अन्य विस्थापित परिवारों के सदस्यों को शाल ओढ़ा कर एवं पुष्प देकर सम्मानित किया गया। संचालन प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने किया। सीडीओ पूर्ण बोरा, पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी, डीडीओ रचना गुप्ता, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अजय कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।