बिजनौर। जिले के महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण की रफ्तार बढ़ गई है। महज पंद्रह दिनों में ही निर्माण कार्य में पांच प्रतिशत का इजाफा हो गया है जबकि पंद्रह दिन पहले तक यह 40 प्रतिशत ही पहुंच पाया था। दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज का निर्माण शैक्षिक सत्र से पहले पूरा करने की हिदायत दी थी।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर बिजनौर आए थे और रात्रि प्रवास भी किया। इस दौरान उन्होंने स्वाहेड़ी में बन रहे मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया था। निरीक्षण में अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण पांच माह की देरी से चल रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे के समय मेडिकल कॉलेज का 40 प्रतिशत निर्माण हुआ था। निर्माण में देरी होने की वजह से सीएम योगी आदित्यनाथ ने निर्माण कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए थे। अब 45 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। मिली जानकारी के मुताबिक महज 15 दिनों में पांच प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो गया। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज से संबंधित सभी भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
इन भवनों का हो रहा निर्माण
मेडिकल कॉलेज में संबंधित भवनों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस समय एकेडमिक ब्लॉक, ब्वॉयज हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, आवासीय भवन पर निर्माण चल रहा है। वहीं जिला अस्पताल में बन रहे 200 बेड के भवन का निर्माण तेजी से हो रहा है। इसके अलावा तीमारदारों के लिए बन रही धर्मशाला का भी तेजी से काम चल रहा है।
आवासीय भवन के प्रथम तल का निर्माण शुरू
चिकित्सकों के लिए बन रहे आवासीय भवन के भूतल का निर्माण पूरा हो गया। वहीं अब प्रथम तल का भी आधा निर्माण हो चुका है। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इस तल का भी निर्माण पूरा हो जाएगा। वहीं 200 बेड के भवन के लिए पुटिंग कार्य पूरा हो गया। इसके बाद भवन निर्माण को बढ़ाने के लिए पिलर खड़े हो गए है। जिसके चलते मेडिकल कॉलेज से जुड़े भवनों को गति दी जा रही है।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निरीक्षण करने के बाद मेडिकल कॉलेज के निर्माण को रफ्तार दी जा रही है। पांच माह की देरी से चल रहे निर्माण को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।.....डॉ. अरूण कुमार पांडेय, सीएमएस