‘संगठन को सिर्फ किसानों की समस्याओं से सरोकार’
नजीबाबाद। भाकियू के मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर ने कहा कि भाकियू को सिर्फ किसानों की समस्याओं से सरोकार है। किसानों की मांगों को लेकर संगठन हमेशा संघर्ष करता रहेगा।
गांव डवासोवाला में ईश्वर सिंह के आवास पर आयोजित बैठक भाकियू के मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बिजनौर में 13 अगस्त को होने वाली किसान महापंचायत में पहुंचने की रणनीति बनाई। बाबूराम तोमर ने कहा कि किसान कई समस्याओं से घिरा है और उनकी समस्याओं से किसी को सरोकार नहीं है। अधिकारी समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन देते हैं, लेकिन आज भी किसानों की समस्याएं जस की तस हैं। उन्होंने किसानों से बिजनौर में होने वाली किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। बैठक में मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर, युवा जिलाध्यक्ष सरदार वरिंदर सिंह बाठ ने भाकियू लोकशक्ति के युवा जिलाध्यक्ष अंकित चौधरी, किरतपुर के युवा ब्लॉक अध्यक्ष अतुल डबास और कोतवाली के युवा ब्लॉक अध्यक्ष मुकुल चौधरी व राष्ट्रीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष शिवानु चौधरी के भाकियू में शामिल होने पर उनका स्वागत किया। बैठक में ब्लॉक महासचिव मोनू चौधरी, पंडित देवदत्त शर्मा, प्रशांत चौधरी, मसरूफ, राहुल शर्मा, अनिरुद्ध सिंह, नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।