150 स्थानों पर पालिका ने जलाए अलाव
धामपुर। रविवार को शीतलहर चलने और घना कोहरा रहने से जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर कोहरे के छंटने से और सूर्यदेव के दर्शन होने से लोगों ने राहत की सांस ली। ठंड को देखते हुए डीएम रमाशंकर पांडेय ने 30 दिसंबर को प्राइमरी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जबकि इंटर कालेजों का समय बदल दिया है। इंटर कालेज 10 बजे से शाम के तीन बजे तक खुलेेंगे। उद्योग व्यापार मंडल के कार्यकर्ताओं की ओर से सर्दी से बचाव को नगर में करीब छह स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। जिलाध्यक्ष जावेद रहमान शम्सी ने बताया कि अलाव की व्यवस्था उनके स्तर से निर्धारित स्थानों पर होती रहेगी। पालिका की ओर से भी नगर में करीब 150 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता का कहना है कि उनके द्वारा आदेश दे दिए गए हैं कि ठंड से बचाव को अलाव को टोटा नहीं रहना चाहिए।