बिजनौर में आवास विकास कालोनी में सीसीटीवी कैमरे में कैद बाइक सवार बदमाश।
- शहर कोतवाली की आवास विकास चौकी क्षेत्र का मामला
- पीड़ित महिला ने पुलिस को सौंपी तहरीर
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। आवाज लगाकर कालीन बेचने के बहाने घर में घुसे दो बदमाश बीस हजार रुपये लूट ले गए। बदमाशों के बाइक से फरार होने का दृष्य सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। पीड़िता की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। हालांकि पुलिस इस मामले को ठगी मान रही है।
मंगलवार को समृद्धि विहार कॉलोनी में रहने वाली सोनम अग्रवाल ने तहरीर सौंपी है। जिसमें बताया गया कि करीब एक बजे कॉलोनी में बाइक पर सवार होकर आए दो युवक कालीन और कपड़ा बेचने के लिए आवाज लगा रहे थे। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो दोनों युवक घर में घुस आए। उन्होंने धक्का देकर उसे गिरा दिया और कमरे में घुस गए। उन्होंने अलमारी में रखे बीस हजार रुपये लूट लिए। एक आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। जिस पर महिला पूरी तरह से भयभीत हो गई।
आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित परिवार ने आसपास के सीसीटीवी में देखा तो दोनों युवक बाइक पर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि आवास विकास कॉलोनी के बीच में ही पुलिस चौकी है। ऐसे में पास में ही यह वारदात हो गई, पुलिस उन्हें पकड़ भी नहीं सकी। इस मामले में शहर कोतवाल जीत सिंह ने बताया कि यह लूट का मामला नहीं है बल्कि ठगी है। आरोपियों ने कपड़ा बेचने के बहाने ठगी की है।