- लू के थपेड़ों से बचने के लिए सिर पर कपड़ा रखने को मजबूर हुए लोग
- दोपहर के वक्त घरों से बाहर निकलना हुआ दूभर, बाजारों में सन्नाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पारा फिर से 40 डिग्री के पार जा पहुंचा है। धूप और लू की तपन से जिला तप रहा है। हालांकि अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट तपिश को कम नहीं कर सकी। दोपहर के वक्त घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। उमसभरी गर्मी में सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है।
शनिवार को सुबह आठ बजे से उमसभरी गर्मी का अहसास होने लगा था। दस बजे से पहले ही तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर होने तक आलम ये रहा कि लू के थपेड़ों और तपन ऐसी होने लगी, मानो शरीर जल रहा हो। ऐसे में लोग सिर पर कपड़ा ढककर बाहर निकलते हुए नजर आए।
बता दें कि पिछले कई दिनों से तापमान में उतार चढ़ाव चल रहा है, मगर गर्मी से राहत नहीं मिल रही। उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल करके रख दिया। दोपहर के वक्त बाजारों का सन्नाटा नहीं टूट रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार को अधिकतम पारा 41.4 डिग्री बना हुआ था। हालांकि अधिकतम तापमान में महज एक डिग्री की गिरावट गर्मी के असर को कम करने में नाकाम रही।
शनिवार को न्यूनतम पारा 25.7 डिग्री रहा जबकि शुक्रवार को 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उधर, बाजारों में दुकानों पर इक्का दुक्का ही ग्राहक नजर आए। शाम ढलने पर लोगों ने बाजारों की तरफ रुख किया।
गर्मी में हो सकता है डिहाइड्रेशन, करें बचाव
मेडिकल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरएस वर्मा का कहना है कि गर्मी अधिक होने से डिहाइड्रेशन हो सकता है। इस समय सांस, उल्टी-दस्त, आंखों, त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। पानी की कमी होने से डिहाइड्रेशन हो सकता है। इसलिए समय-समय पर पानी पीते रहें। वासी भोजन न खाएं। बासी भोजन खाने से बीमार पड़ सकते हैं।
गर्मी में ऐसे करें बचाव
-धूप में घरों से बाहर न निकलें
-थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें
-बार-बार मुंह धोते रहे
-रखा हुआ खाना न खाएं
-कटे, फटे हुए फल न खाएं
-एसी में बैठने के बाद तुरंत गर्मी में न जाएं