फोटो समाचार
कालागढ़। पुराना कालागढ़ में बुधवार सवेरे एक मकान के बरामदे का लिंटर और दीवारें भरभराकर गिर गईं। मकान में अमरीक सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। क्षेत्र में बुधवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही थी। अमरीक की पत्नी रानी घर की साफ सफाई के दैनिक काम कर रही थी। वह कोई कपड़ा लेने बरामदे में आई। इसी दौरान तेज आवाज के साथ लिंटर गिरने लगा। वह पीछे हट गई। लिंटर गिरने के साथ ही दीवारें भी गिर गईं। जिसके चलते वहां रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। बच्चे अंदर के कमरे में सो रहे थे, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया। बुधवार शाम तक प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लेखपाल गौरव का कहना है कि मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को रिपोर्ट दी जाएगी।