धामपुर में खारी कुआं तिराहे पर होली खेलते बच्चे स्रोत संवाद
धामपुर। नगर में होली का हुड़दंग पर पूरे चरम पर है। सोमवार की रात कई स्थानों पर होलिका दहन होने के बाद मंगलवार को गीला और सूखा दोनों रंग खेले गए। पिछले सालों में होलिका दहन के उपरांत दुल्हैंडी पर ही सूखा रंग और गुलाल का चलन देखने को मिलता था। लेकिन चंद्रग्रहण को देखते हुए सोमवार की रात कई स्थानों पर होलिका दहन कर दिया गया। होलिका दहन को लेकर लोगों में अलग-अलग विचार और मान्यताएं रहीं। विभिन्न मोहल्लों में बुधवार की अल सुबह होलिका दहन हुआ। हालांकि मंगलवार को चौक-चौराहों पर होली तो लगी रही। लेकिन ग्रहण और सूतक काल के कारण लोगों ने पूजन आदि नहीं किया। नगर में बच्चों ने उत्साह के साथ गीला रंग खेला। वहीं युवाओं, बुजुर्गों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली का त्योहार मनाया। चौक-चौराहों पर जमा युवाओं ने होली के गीतों पर खूब नृत्य किया। कुछ स्थानों पर हुरियारों ने सबमर्सिबल पंप से सीधे पाइप बांध रखा था। इस दौरान जो भी राहगीर सड़कों पर आता नजर आया, उसी पर जमकर पानी बरसाया। हालांकि कुछ लोगों ने इसका एतराज कर विरोध जताने का प्रयास किया। पर किसी ने नहीं सुना। पानी में सराबोर होने के बाद राहगीर खामोश होकर गंतव्य की ओर रवाना हो गए।