अफजलगढ़। पीली डैम से बनैली नदी में छोड़ा गया पानी दल्लीवाला की नई बस्ती के दर्जनों घरों में भर गया। जिससे लोगों के घरों में रखा सभी सामान खराब हो गया। पानी के बढ़ने से लोगों ने बच्चों को निकालकर दूसरी जगह पर पहुंचाया। वहीं, मनोहरवाली के समीप भी तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है।
बृहस्पतिवार को पीली डैम से पानी की निकासी किए जाने से बनैली नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि हाईवे तक पानी पहुंच गया। ग्रामीण पानी के बढ़ने की आशंका में रात भर जागते रहे। मनोहरवाली में भी करीब 50 मीटर से अधिक तटबंध पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कुछ पानी गांव में भी घुस गया। गांव वालों ने मिट्टी और लकड़ियां डालकर पानी के रुख को बदला। एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, कोतवाल हम्बीर सिंह, जीत सिंह पुंडीर आदि ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और अधिकारियों को अवगत कराया। आलमपुर में भी पानी तटबंध को छूकर बह रहा है।