- योजना के तीन वर्ष पूरे होने स्वनिधि उत्सव का हुआ आयोजन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी में प्रधानमंत्री ने रेहड़ी पटरी वालों को स्वावलंबी बनाने एवं आर्थिक रूप से मजबूत करने को स्वनिधि योजना शुरू की थी। योजना के बृहस्पतिवार को तीन वर्ष पूरे होने स्वनिधि उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिले के 16 हजार से अधिक पटरी दुकानदारों को पहली से तीसरी तक की किस्त देकर उनके स्वरोजगार को बढ़ाने में उन्हें विशेष बल प्रदान किया। जिपं अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी, पटरी वालों की आर्थिक स्थित मजबूत हुई है और उनके जीवन में खुशहाली आई है।
उन्होंने बताया कि योजना में रेहडी पटरी वालों को कारोबार बढ़ाने के लिए 10 हजार, 20 हजार एवं 50 हजार ऋण दिया जाता है। इससे पहले उन्होंने स्वनिधि महोत्सव स्टाल प्रदर्शनी का फीता काटकर व नारियल फोड़कर शुभारंभ किया और स्टाॅलों का बारीकी के साथ निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्ट्रीट वेंडर एवं उनके परिवारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। स्वनिधि उत्सव में नए पथ विक्रेताओं का पंजीकरण भी कराया गया। साथ ही श्रम विभाग में पंजीकृत लाभार्थियों की योजना का लाभ स्वनिधि के लाभार्थियों को उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी डूडा शक्ति सरन श्रीवास्तव ने स्वनिधि योजना की विस्तृत जानकारी दी। एलडीएम वीके बंसल, डीसी एनआरएलएम ज्ञान सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेन्द्र मिश्र, प्रभारी अधिकारी नगर पालिका शमीम अहमद आदि उपस्थित रहे।