- गन्ना काटने वाले गंडासे से पत्नी की गर्दन पर किए वार
- पति के शराब पीने और नशा करने का विरोध करती थी महिला
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदक (बिजनौर)। शराब पीने और सूखा नशा करने का विरोध करने पर नशेड़ी ने गंडासे से पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मंडावर थाना क्षेत्र के गांव द्वारिकापुरी निवासी बिजेंद्र नशे की हालत में देर शाम अपने घर पहुंचा। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ, विवाद इतना बढ़ा कि देर शाम करीब दस बजे आरोपी बिजेंद्र ने पत्नी नीलम (36) की गर्दन पर गंडासे से वार कर दिए। एक वार महिला के हाथ पर किया। गंडासा लगने से गले की नशे कट गई, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जिस वक्त आरोपी ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया, तो घर में आरोपी का करीब 12 वर्षीय बेटा, करीब दस साल की बेटी और बूढ़ी मां घर पर मौजूद थी।
मां पर हमला होता दोनों ही दोनों ही बालक चिल्लाने लगे और बाहर आकर शोर मचाया। जब तक पड़ोसी बचाने के लिए तो आरोपी हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हो चुका था। हालांकि पड़ोस के ही एक युवक ने आरोपी के पीछे दौड़कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी खेतों की तरफ तेजी से भाग निकला। सूचना पर सीओ सिटी अनिल कुमार और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार फोर्स के साथ मौके पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना करते हुए वारदात के संबंध में जानकारी ली। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के ससुर की तहरीर पर हत्यारोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ट्रैक्टर चलाता है हत्यारोपी
हत्यारोपी बिजेंद्र पुत्र नेपाल ट्रैक्टर चलाने का काम करता है। कुछ दिनों तक उसने गन्ना ढोने वाले ट्रैक्टर को चलाया था। अब वह शराब के साथ साथ नशे की गोलियों का भी सेवन करने लगा था, जिसका नीलम विरोध करती है। हत्यारोपी बिजेंद्र का छोटा भाई गुजरात में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता है जबकि उसके पिता नेपाल भी इस घटना के वक्त किरतपुर में गार्ड की ड्यूटी पर गए थे। आरोपी का परिवार मूलरूप से नजीबाबाद के गांव मड़का का रहने वाला है। करीब बीस साल पहले बिजेंद्र के पिता नेपाल अपने परिवार के साथ ननिहाल के गांव द्वारिकापुरी में आकर बस गए थे। बिजेंद्र की शादी 14 वर्ष पूर्व उत्तराखंड के देहरादून निवासी नीलम से हुई थी।
बेटे और बेटी के सामने हुई हत्या, घर नहीं जा बच्चे
महिला को जब पति ने गंडासे से मार डाला तो उसके बेटा और बेटी भी वहीं मौजूद थे, दोनों ही मासूम बालकों ने अपनी मां के कत्ल के मंजर को देखा तो कांप गए। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दोनों ही बालक सहमे हुए हैं, कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। दोनों ही बालकों को पड़ोसियों ने सहारा दिया। दोनों ही बालक दिनभर अपने पड़ोसी के घर में रहे। दहशत में बच्चे अपने घर की तरफ भी नहीं जा रहे है। आरोपी का बेटा बेहद डरा हुआ है वह कुछ भी नहीं बोल रहा है।