स्योहारा। मुरादाबाद रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक चालक जागेश (35) पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी ग्राम धींगरपुर की मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार सुबह चिराग मंडप के सामने खड़े ट्रक के केबिन में सीट पर मिला। सूचना पर सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय व थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने बताया कि जागेश पिछले 10-12 वर्षों से ट्रक पर चालक के रूप में कार्य कर रहा था। वर्तमान में वह हरिद्वार निवासी एक ट्रक स्वामी के यहां चालक था। बृहस्पतिवार को ही वह ट्रक लेकर स्योहारा पहुंचा था। रात में वह ट्रक में ही सोया हुआ था। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण का पता चल सकेगा।