राजा का ताजपुर। ताजपुर पेट्रोल पंप से 2900 रुपये का पेट्रोल डलवाकर रुपये दिए बिना चालक कार लेकर भाग गया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने कार का पीछा किया लेकिन कार पकड़ में नहीं आ सकी। कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। पेट्रोल पंप स्वामी ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी है। शनिवार रात्रि लगभग साढ़े नौ बजे चार लोग कार में तेल डलवाने के लिए ताजपुर पेट्रोल पंप पर आए। वहां मौजूद कर्मचारी ने जानकारी करने के बाद कार में 2900 रुपये का पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद कर्मचारी ने रुपये मांगे तो चालक बिना रुपये दिए कार लेकर भाग गया। कर्मचारियों ने शोर मचाते हुए कार का काफी दूर तक पीछा किया लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पेट्रोल पंप स्वामी गौहर अहमद ने थाना पुलिस को सूचना दी। उधर, सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि तहरीर मिल गई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।