- प्रशासन आगामी शिक्षा सत्र से पढ़ाई शुरू कराने की कोशिश में जुटा
- रतनगढ़ में बनाया जा रहा है राजकीय इंटर कालेज
- दो जिलों के ग्रामीण विद्यार्थियों होंगे लाभान्वित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। नूरपुर ब्लाक में राजकीय इंटर कालेज निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। फैसले से ग्रामीण खुश हैं। कालेज निर्माण से रतनगढ़ में बने बालिका छात्रावास की उपयोगिता भी बढ़ेगी। साथ ही अब जिले के सभी 11 ब्लाक में राजकीय इंटर कालेज हो गए हैं। प्रशासन के आगामी शिक्षा सत्र से प्रस्तावित राजकीय इंटर कालेज में दाखिले शुरू कराने का प्रयास है।
जिले में 11 ब्लाक है। 10 ब्लाक में राजकीय इंटर कालेज है। नूरपुर ब्लाक में राजकीय इंटर कालेज नहीं था। नूरपुर ब्लाक में राजकीय इंटर कालेज बनाने की मांग लंबे समय से हो रही थी। शासन ने जिले के कोतवाली ब्लाक के गांव अजुपुरा चौहान में राजकीय इंटर कालेज के निर्माण को मंजूरी दी थी। परंतु वहां जमीन को लेकर विवाद था। जिसके चलते निर्माण अटका था।
राजकीय इंटर कालेजों के निर्माण को स्थान चयन के लिए जिला स्तर पर समिति है। डीएम उमेश मिश्रा समिति के अध्यक्ष हैं। डीएम ने मामले में दिलचस्पी ली। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी नौशाद हुसैन के अनुसार जिला स्तरीय समिति ने कोतवाली ब्लाक में प्रस्तावित राजकीय इंटर कालेज को नूरपुर ब्लाक के गांव रतनगढ़ में बनाने के स्थान परिवर्तन को मंजूरी दे दी है।
पौने पांच करोड़ आएगी लागत
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नौशाद हुसैन के अनुसार रतनगढ़ में राजकीय इंटर कालेज के निर्माण में 04 .61 करोड़ की लागत आएगी। शासन से 02.31 करोड़ रुपया मिल गया है। शासन से बाकी धनराशि की मांग की गई है। जल्द बजट मिल जाएगा। प्रयास है कि आगामी शिक्षा सत्र से पढ़ाई शुरू हो सके।
दो जिलों के विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
नूरपुर ब्लाक का रतनगढ़ नूरपुर अमरोहा रोड पर स्थित है। गांव बिजनौर तथा अमरोहा जिलों को जोड़ता है। रतनगढ़ में राजकीय इंटर कालेज बनने से रतनगढ़, शिवाला कला क्षेत्र के ग्रामीण विद्यार्थियों समेत अमरोहा जिले के नौगांवा सादात क्षेत्र के ग्रामीण बच्चों के लिए भी फायदेमंद होगा। इन क्षेत्रों के हजारों छात्र छात्राएं अपने गांव से काफी दूरी पर पढ़ने के लिए मजबूर हैं। आरोप है कि संसाधनों के अभाव में अनेक छात्र छात्राएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते हैं। ग्रामीणों रत्न सिंह, नरपाल सिंह, गौरव , हरेंद्र सिंह आदि ने रतनगढ़ में राजकीय इंटर कालेज निर्माण का स्वागत किया है।
बालिका छात्रावास की बढ़ेगी उपयोगिता
रतनगढ़ में करीब चार करोड़ की लागत से बालिका छात्रावास बना है। छात्रावास में बालिकाओं के लिए रात्रि आवास समेत खाने पीने , खेलकूद आदि की नि:शुल्क व्यवस्था है। छात्रावास के आसपास कोई राजकीय इंटर कालेज नहीं है। आरोप है कि अभिभावकों ने करीब दो साल से बनकर तैयार खड़े बालिका छात्रावास में दाखिला दिलाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। माना जा रहा है कि राजकीय इंटर कालेज बनने से बालिका छात्रावास की उपयोगिता बढ़ेगी।