बिजनौर के मंडावर में भाई को बचाने आए युवक की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। उसका छोटा भाई करंट से झुलस गया।
मंडावर के गांव फजलपुर में विजय सिंह के घर में एक नीम का पेड़ लगा हुआ है। परिवार वालों ने नीम के पेड़ से घर की दीवार तक कपड़े सुखाने के लिए लोहे का तार बांधा हुआ है। नीम के पेड़ पर ही उनके घर की लाइट के लिए खंभे से आ रहा बिजली का केबल भी बंधा है। बुधवार को विजय सिंह का छोटा पुत्र छोटू (14) लोहे की तार पर गीला कपड़ा सुखाने के लिए फैला रहा था, तो उसको अचानक करंट लग गया, तभी कमरे में बैठा छोटू का बड़ा भाई अंकुश (18) दौड़कर बाहर आया। अंकुश ने अपने छोटे भाई को बचाने के लिए जैसे ही धक्का दिया, तो छोटू बच गया, लेकिन अंकुश करंट की चपेट में आ गया। वह जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में अंकुश को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। करंट लगने से छोटू भी झुलस गया। उसको परिजनों ने उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि बिजली का केबल कट कर कपड़े फैलाने के तार से टच हो गया था ,इसी के कारण यह हादसा हुआ है। युवक की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।