- निर्माण कार्य अधूरे मिलने पर ठेकेदार ब्लैक लिस्टेड
- ढील पर प्रधानों व सचिवों को नोटिस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2022-23 के निर्माण कार्य आधे अधूरे मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्य भी ठप है। आरोप में ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रधान व सचिव का जवाब तलब किया गया है।
डीपीआरओ सतीश कुमार ने मोहम्मदपुर देवमल ब्लाॅक की चार ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायतों में निर्माण कार्य आधे अधूरे मिले। सामुदायिक शौचालय ठप मिला। सफाई व्यवस्था बंद से बदतर मिली। जगह जगह गंदगी के अंबार मिले। जिससे पंचायत में संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना है। ग्राम पंचायत पपावार खुर्द में बार-बार निर्देशों के बाद भी पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय का निर्माण पूर्ण नहीं कराया गया है। सामुदायिक शौचालय में अभी तक सीट नहीं लगाई गई हैं।
पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण ना कराने के लिए ग्राम प्रधान एवं सचिव को एक सप्ताह का समय देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक सप्ताह में पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण ना करने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के आदेश दिए गए। गांव में दो सफाई कर्मचारी तैनात हैं। इसके बावजूद गांव में गंदगी के अंबार देखने को मिले। निर्देश दिए गए कि दोनों सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही ग्राम प्रधान एवं सचिव को निर्देश दिए गए कि अतिरिक्त मजदूर लगाकर पूरे गांव में अभियान चलाकर साफ सफाई कराई जाए। इस समय जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है।
ग्राम प्रधान और सचिव को दी चेतावनी
ग्राम पंचायत मिर्जापुर उर्फ गंजालपुर में निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। पंचायत भवन में टाइल्स का कार्य चल रहा है। जबकि कार्य 31 मार्च तक पूर्ण करने के आदेश दिए गए थे। सचिव एवं ग्राम प्रधान को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि अगर एक सप्ताह में पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया तो ग्राम प्रधान एवं सचिव के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। समय सीमा में पंचायत भवन पूर्ण न कराने के लिए सचिव एवं ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
सामुदायिक शौचालय की सीट टूटी हुई मिली
ग्राम पंचायत फरीदपुर निजाम में निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। पंचायत में में अभी प्लास्टर, टाइल्स एवं रंगाई पुताई का कार्य शेष है, लेकिन विवाद के चलते कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। ग्राम प्रधान को निर्देश दिए गए में से जल्द विवाद का निस्तारण कराकर पंचायत भवन को पूर्ण कराएं। सामुदायिक शौचालय खुला मिला लेकिन केयर टेकर की लापरवाही से वाटर टैंक में पानी नहीं भरा गया। इसके लिए केयर टेकर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालय की सीट टूटी हुई है तथा टाइल भी टूटी हुई है। खराब गुणवत्ता के कारण ऐसा हुआ है इसीलिए सचिव एवं ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।