युवक का शव तालाब में मिला
अफजलगढ़। रविवार से लापता युवक का शव गांव सुआवाला में तालाब में बहता मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार सुबह सुआवाला बस स्टैंड के पास गांववालों ने सड़क किनारे बने तालाब में एक युवक का शव बहता देखा। गांववालों ने व्यक्ति की पहचान मच्छमार निवासी सोमपाल सिंह (37) के रूप में की। सोमपाल की मौत का पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव वालों ने बताया कि सोमपाल परिवार सहित अपनी ससुराल आलमपुर गांवड़ी में रहता था। रविवार को वह सुआवाला में बहनोई चंदन सिंह के यहां आया था। उसी दिन देर शाम वह घर के लिए बहन के घर से निकला, लेकिन वह नही पहुंचा। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश की थी। सोमपाल अपने पीछे पत्नी व चार बच्चों को छोड़ गया। कोतवाल नरेश कुमार का कहना है कि संभवत: नशे में होने व डूबने के कारण मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा। मामले की जांच की जा रही है।