30 तक मिलेगा ओटीएस योजना का लाभ
नजीबाबाद। विद्युत निगम ने बकाएदारों से सरचार्ज में शत प्रतिशत छूट के लिए 30 नवंबर तक एकमुश्त समाधान योजना शुरू की है। एक्सईएन वीरेंद्र कुमार ने किसानों, घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं से एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने के लिए 30 नवंबर तक बकाया धनराशि जमा कराने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत निर्धारित तिथि तक बकाया जमा करने वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज में शत प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दो किलोवाट तक के घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को योजना में शत प्रतिशत तथा इससे अधिक विद्युत भार क्षमता वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। नलकूप के सभी कनेक्शनों पर किसानों को शत प्रतिशत छूट मिलेगी। नजीबाबाद डिविजन में नलकूप के लगभग 5817 विद्युत कनेक्शन हैं। इन कनेक्शनों पर विद्युत निगम ने बकाया धनराशि जमा कराने पर 176.83 लाख रुपये सरचार्ज माफी के रूप में किसानों को राहत देने का फैसला लिया है।