संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में बाल श्रम उन्मूलन अभियान चलाया गया। जिसके तहत संयुक्त टीम ने छह जगहों पर छापामारी की। जहां काम करते मिले दस किशोर मुक्त कराए गए।
बुधवार को डीएम उमेश मिश्रा एवं प्रभारी एसपी के निर्देश पर अभियान चला। एएसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह और सहायक श्रम आयुक्त के पर्यवेक्षण में थाना हल्दौर और थाना नहटौर क्षेत्र में छह प्रतिष्ठानों पर टीम पहुंची। इन जगहों पर काम करते हुए मिले 10 किशोर श्रमिक मुक्त कराए गए। प्रतिष्ठानों के स्वामियों को बाल श्रमिकों से काम नहीं कराने के लिए हिदायत दी गईं। सभी प्रतिष्ठान मालिकों के विरुद्ध श्रम विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही किशोरों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द किया गया।
सभी को चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान पर नाबालिगों से कार्य कराया गया तो कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुरेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटीयू राजकुमार सरोज, एसजेपीयू प्रभारी आनंद स्वरूप शर्मा, बाल संरक्षण अधिकारी रूबी गुप्ता आदि टीम में शामिल रहे।