- कांवड़ियों को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने की थी औपचारिक व्यवस्था
फोटो-07एनजेडबी02ए और 02बी
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। बारिश ने कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की बनाई योजना पर पानी फेर दिया। कांवड़ियों के आवागमन के लिए रतनाल नदी पर बनाया गया अस्थायी पुल नदी के तेज बहाव में बह गया। अब कांवड़िए एनएच-74 स्थित रतनाल नदी के पुल से होकर ही गुजरेंगे।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त गुजरते हैं। मार्ग पर स्थित रतनाल नदी का पुल संकरा होने से कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिवर्ष शिवभक्तों को जाम की परेशानी झेलनी पड़ती है। जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने रतनाल नदी पर अस्थायी पुल का निर्माण कराया कराया था। योजना के तहत कांवड़ियों को आवागमन में सुविधा होती, लेकिन बारिश ने पुलिस की योजना पर पानी फेर दिया। बृहस्पतिवार को लगातार बारिश होने से नदी का पानी अस्थायी पुल के ऊपर से गुजरा, जिससे पुल क्षतिग्रस्त हो गया।
उधर, मंडावली थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार का कहना है कि रतनाल नदी में ह्यूम पाइप डलवाकर अस्थायी पुल का निर्माण कराया था, जो बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। ह्यूम पाइप अपनी जगह स्थित हैं, फिर से मिट्टी और खनन सामग्री डलवाकर अस्थायी पुल का निर्माण कराया जाएगा। फिलहाल हरिद्वार से आने वाले कांवड़िए हाईवे स्थित रतनाल नदी के पुल से होकर ही गुजरेंगे।
ऐसे होता कांवड़ियों का आवागमन
हरिद्वार से भागूवाला होते हुए मोटा महादेव मंदिर पहुंचने वाले कांवड़िए मंदिर पर जल चढ़ाने के बाद नंगला पिथौरा तिराहे से नदी के रास्ते पर निर्मित अस्थायी पुल से होते हुए साहनपुर के दानापानी होटल तक पहुंचते। जिससे कांवड़ियों को आवागमन में सुविधा होती। यदि पूरे श्रावण माह में इसी तरह बारिश होती रही तो कांवड़ियों को हाईवे के पुल से ही आवागमन करना पड़ेगा।