बिजनौर। जिले के नगरों के परिषदीय स्कूल शिक्षक-शिक्षिकाओं की कमी से जूझ रहे। इन स्कूलों में शासन के आदेश आने तक अस्थाई रूप से गैरजनपदों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं को भेजा जाएगा। इतने समय में यह शिक्षक-शिक्षिकाएं नगर के स्कूलों में छात्र-छात्राओं को पढ़ाएंगे।
गैर जनपद से स्थानांतरण होकर जनपद में 397 शिक्षक-शिक्षिकाएं आए हैं। अभी तक इनमें से 186 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बीएसए ऑफिस में कार्यभार ग्रहण किया। जनपद से 59 शिक्षक-शिक्षिकाओं का गैरजनपद स्थानांतरण हुआ। इसमें से अभी तक सिर्फ तीस शिक्षक-शिक्षिकाएं ही कार्यमुक्त हुए हैं। जिले में आए शिक्षकों को रोजाना बीएसए आफिस में हाजिरी लगानी पड़ रही है।
गैरजनपद से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं को फिलहाल अस्थायी रूप से नगर के करीब 45 विद्यालयों में भेज जाएगा। इन विद्यालयों में छात्रों की संख्या के आधार पर चार से पांच शिक्षकों को भेजे जाएंगे। शासन के अग्रिम आदेश तक यह शिक्षक शिक्षिकाएं नगर के छात्र-छात्राएं को पढ़ाएंगी। बीएसए जयकरन यादव ने बताया कि गैर जनपद से आने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के स्कूल आवंटन के संबंध में कोई आदेश नहीं है। फिलहाल 186 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अगले आदेश आने तक इन्हें अस्थाई रूप नगर के स्कूलों में शिक्षण कार्य को भेजा जाएगा।