स्योहारा। कक्षा सात की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में क्षेत्र के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक को विद्यालय प्रबंधन ने निलंबित कर दिया। क्षेत्र के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक द्वारा कक्षा सात की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। यह घटना काफी पुरानी बताई गई है। आरोपी शिक्षक पूर्व में भी तीन छात्राओं के साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। घटना की जानकारी छात्रों के माध्यम से परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की थी। सोमवार को विद्यालय प्रबंधन की ओर से कराई गई जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया। सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, आरोपी शिक्षक ने बताया कि एक वर्ष पूर्व स्कूल में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। सभी बच्चों का वजन किया जा रहा था। इस दौरान उन्होंने एक छात्रा का वजन जांचने के लिए उसे दोनों हाथों से उठाया था। इसे लेकर उन पर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।