नगीना। इंटर की छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप में पुलिस ने एलआरएस अकादमी के शिक्षक इरशाद अहमद को गिरफ्तार कर उसका शांति भंग में चालान कर दिया। 24 अप्रैल को थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में एक गांव निवासी छात्रा के पिता ने कहा था कि उसकी पुत्री एलआरएस कॉलेज में कक्षा 12वीं की छात्रा है। 22 अप्रैल को दिन में करीब 11 बजे उसकी पुत्री जब अपनी कक्षा में अन्य विद्यार्थियों के साथ आंतरिक परीक्षा दे रही थी तो कक्षा में मौजूद शिक्षक इरशाद अहमद ने गलत तरीके से उसकी पुत्री का गला पकड़कर उठाया और आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कॉपी फाड़कर फेंक दी। साथ ही छात्रा को धक्के देकर कक्षा से बाहर निकाल दिया। पुत्री ने घर आने पर यह सारी घटना बताई। घरवालों के साथ 23 अप्रैल को सुबह 8.30 बजे जब उन्होंने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन से शिक्षक इरशाद अहमद की शिकायत की तो स्कूल प्रबंधन ने भी अभद्र व्यवहार कर गाली गलौज कर अपमानित किया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी शिक्षक के गिरफ्तार न होने पर भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तहसीलदार को ज्ञापन देकर दो दिन का समय दिया था। सीओ राजेश कुमार सोलंकी ने बताया कि आरोपी शिक्षक इरशाद अहमद को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया गया है।