संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सरकार की ओर से टीबी उन्मूलन पर जोर है जिसमें लोगों को टीबी के बारे में जागरूक करने के लिए बुधवार को बाइक रैली निकली गई। रैली में टीबी के लक्षण, इलाज और कारण के बारे में बताया गया। बुधवार को बाइक रैली का शुभारंभ सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने सीएमओ कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर किया। बाइक रैली सीएमओ कार्यालय से शुरू होकर डाकखाना चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, शक्ति चौराहा होते हुए टीबी अस्पताल जाकर समाप्त हुई। सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने कहा कि टीबी की सभी तरह की जांचों की व्यवस्था एवं दवाइयां उपलब्ध हैं। टीबी की जांच के लिए जिले में 33 जांच केंद्र स्थापित हैं। डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि क्षय रोगियों को गोद लेने की प्रक्रिया चल रही है। अब तक बिजनौर में 372 निक्षय मित्र बनाए गए हैं। जिले में निक्षय मित्रों को 4100 टीबी रोगी गोद दिए गए हैं। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. पीआर नायर, डॉ. शरण सिंह, डॉ. राजेंद्र विश्वकर्मा, नितिन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। संवाद