हरेवली। रामगंगा नदी में डूबे तासिब के शव का सोमवार देर शाम गांव शाहनगर कुराली के कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया है। शाह नगर कुराली निवासी अशरफ का 18 वर्षीय पुत्र तासिब अपने दोस्तों के साथ रविवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे गांव के पास में बह रही रामगंगा नदी में भीषण गर्मी के चलते नहाने के लिए गया था। इस दौरान अधिक पानी होने के कारण तासिब नदी में डूब गया था। गोताखोरों के माध्यम से देर रात तक तासिब को तलाशने का प्रयास किया था, लेकिन पता नहीं लग पाया था। सोमवार को दोपहर बाद 4 बजे तासिब का शव घटना स्थल से करीब 10 मीटर दूर नदी के किनारे से बरामद हो गया। पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजने का प्रयास किया लेकिन परिजनों के आग्रह पर पंचनामा बनने के बाद पुलिस ने बगैर पीएम के तासिब के शव को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। नम आंखों के बीच परिजनों ने सोमवार शाम शाहनगर कुराली में ही कब्रिस्तान में तासिब के शव का दफना कर सुपुर्दे खाक कर दिया गया।