संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। भाकियू लोकशक्ति कार्यकर्ताओं का महिला के साथ हुई मारपीट को लेकर तहसील परिसर में चल रहा धरना बुधवार को भी जारी रहा। सीओ सर्वम सिंह और प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप की किसानों के साथ हुई वार्ता विफल रही।
चौधरी वीर सिंह सहरावत की अध्यक्षता और योगेन्द्र सिंह काकरान के नेतृत्व में तीन दिन से किसान क्रमिक अनशन पर हैं। बुधवार को 95 वर्षीय रामकुंवर सिंह व मनवीर सिंह क्रमिक अनशन पर रहे। जलीलपुर ब्लाक अध्यक्ष योगेंद्र सिंह काकरान ने बताया कि बुधवार को धरने पर पहुंचे सीओ सर्वम सिंह और प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप की किसानों के साथ हुई वार्ता विफल रही। ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि किसान पिछले पांच दिन से तीन समस्याओं को लेकर धरने पर बैठे हैं। इसमें गांव अकबरपुर झोझा में पेड़ों का मामला, गांव नायक नंगला में टंकी का मामला शामिल है। किसी भी मामले में अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। जिला अध्यक्ष चौधरी वीर सिंह सहरावत ने कहा कि दो अक्तूबर तक कोई समाधान नहीं हुआ तो तीन अक्टूबर को पीड़िता भूख हड़ताल पर बैठेगी।
धरने पर राष्ट्रीय महासचिव चौधरी पदम सिंह, चौधरी सतबीर सिंह, शीशपाल सिंह, नरेश कुमार, घसीटा सिंह, विरेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश, हरिराज सिंह, कल्लू मिर्जा, सोनू कश्यप, विजेंद्र प्रधान, कमल सिंह आदि मौजूद रहे।