बिजनौर के नहटौर में बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिवस पर जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में केक कटने के बाद आपाधापी मच गई।
केक लेने के लिए लोगों में होड़ लग गई। कुछ लोग तो केक लेने के लिए मंच पर चढ़ गए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बमुश्किल लोगों को शांत किया। नहटौर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी विवेक कुमार की ओर से जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिवस मनाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में सुबह 11 बजे का समय दिया गया था। क्षेत्र से कार्यकर्ता कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे मंच पर पदाधिकारियों ने केक काटा। केक पदाधिकारियों में बंटने के बाद कुछ लोग कार्यकर्ताओं में बांटने के लिए मंच पर खड़े हो गए। केक लेने के लिए कार्यक्रम में आए लोगों मंच की ओर बढ़ने लगे। भीड़ लग गई। केक लेने के लिएआपाधापी मच गई। पदाधिकारियों ने मंच के माध्यम से लोगों को शांत किया।