टेल गूल खुदवाने के लिए किया प्रदर्शन
अफजलगढ़। अफजलगढ़ क्षेत्र के शाहपुर जमाल गांव के निकट से गुजर रजबहे की टेल गूल न खुदने से किसानों में रोष व्याप्त है। नाराज किसानों ने रविवार को एकत्र होकर सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही पानी भरने के कारण फसलों में हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की। गांव निकट से शाहपुर जमाल रजबहे की टेल से आगे पानी न जाने के कारण खेतों में एक से दो फुट पानी भर गया है। किसानों को चिंता सता रही है कि बारिश के पानी से रजबहे में अधिक पानी आ गया तो फसल बर्बाद हो जाएगी। किसानों ने रजबहे की टेल गूल खुदवाने, टूटी पटरी सही कराने, फसलों के मुआवजे की मांग की है। इस दौरान परवेंद्र सिंह, निर्मल सिंह, भूदेव सिंह, ब्रजमोहन सिंह, बालकराम सिंह, रामकिशोर सिंह, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, सिंचाई विभाग के एसडीओ नवीन कुमार का कहना है कि रजबहे की टेल गूल खुदवाना रामगंगा कमांड सिंचाई विभाग के अंतर्गत आता है। समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।