स्योहारा। अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड की चीनी मिल में गन्ने की भारी कमी के चलते उत्पादन प्रभावित हो रहा है। मिल प्रशासन ने रविवार को बंदी का प्रथम नोटिस जारी करते हुए किसानों से शेष गन्ना शीघ्र आपूर्ति करने की अपील की है। अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड यूनिट स्योहारा के अधिशासी अध्यक्ष सुखवीर सिंह ने जानकारी दी कि चीनी मिल के बाह्य क्रय केंद्रों एवं मिल गेट पर सभी इंडेंट निर्गत करने के बाद पिछले दो दिनों से खुली (मुक्त) खरीद की जा रही है। इसके बावजूद मिल को उसकी क्षमता के अनुरूप गन्ना उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे मिल को धीमी गति से संचालित करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थिति से यह प्रतीत होता है कि अधिकांश किसानों के पास पेराई योग्य गन्ना समाप्त हो चुका है। गन्ना उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने किसानों से अपील की है कि जो भी पेराई योग्य अवशेष गन्ना उनके पास उपलब्ध है, उसे एक-दो दिन के भीतर मिल में आपूर्ति कर दें।