- कई घंटे शव के पास ही बैठा रहा आरोपी, पुलिस को खुद ही सूचना
- परिजन बोले - शराब पीने के चलते भी रहता था दोनों में झगड़ा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात (बिजनौर)। थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और कई घंटे तक शव के साथ ही बैठा रहा। उसने पुलिस को खुद ही पत्नी की हत्या की सूचना दी। हत्यारोपी नशे का आदी बताया जा रहा है तथा वह पत्नी के चरित्र पर शक भी करता था। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गन्ना कोल्हू पर सीजनल मजदूरी करता था।
थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर निवासी कुशलपाल का विवाह लगभग 10 वर्ष पूर्व थाना स्योहारा के गांव बेरखेड़ा निवासी अतर सिंह की पुत्री गीता पाल के साथ हुआ था। रविवार रात्रि कुशल पाल ने पत्नी गीता पाल (30) की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी सोमवार सुबह को हुई। ग्रामीणों ने बताया कि हत्या करने के बाद युवक ने डायल-112 पर पुलिस को खुद ही सूचना दी। कुशल पाल के पिता बिशनपाल ऊर्फ बिन्ने घर पर नहीं थे तथा उनका भाई दूसरे घर में सोया हुआ था। कुशल पाल ने घटना की सूचना अपनी बहन को फोन पर दी।
बहन ने छोटे भाई को फोन पर सूचना दी, तब परिजनों को घटना का पता चल सका। ग्रामवासियों के अनुसार कुशल पाल शराब पीने का आदी था। इस बात को लेकर पति-पत्नी में मनमुटाव चलता रहता था। कुछ दिन पूर्व भी पति-पत्नी में विवाद हुआ था, दो दिन पूर्व भी गीता के परिजन कुशलपाल को समझा कर गए थे।
कुशलपाल के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी चार साल की तथा छोटा बेटा एक साल का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राम अर्ज, सीओ नगीना संग्राम सिंह, थाना अध्यक्ष कोतवाली देहात जयवीर सिंह तथा फोरेंसिक टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक कुशल पाल पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इस बात को लेकर दोनों ने कई बार झगड़ा भी हुआ। गीता के पिता अतर सिंह ने बताया कि बेटी ने उनसे कहा था कि कुशल पाल उसे जान से मार सकता है।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच झगड़ा
रविवार रात भी गीता और कुशलपाल के बीच झगड़ा हुआ था। देर रात कुशलपाल ने गीता की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घंटों तक गीता के शव के साथ रहा। घटना की सूचना कुशल पाल ने सुबह पहले अपनी बहन को दी। बाद में पुलिस को सूचित किया। कुशलपाल की बहन ने छोटे भाई सूरज पाल को फोन किया और घटना के बारे में बताया। सूरजपाल के अनुसार जब वह घर पहुंचा तो कुशलपाल फोन पर किसी से बात कर रहा था।