नजीबाबाद। जननायक एक्सप्रेस में संदिग्ध के होने और उसके द्वारा रेल को नुकसान पहुंचाने की सूचना पर रेलवे और सिविल पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार की देर रात जननायक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की तलाशी ली।
किसी व्यक्ति ने डायल 112 के माध्यम से जननायक एक्सप्रेस में संदिग्ध के होने और उसके द्वारा ट्रेन को नुकसान पहुंचाने की सूचना दी। सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी राधेश्याम, आरपीएफ प्रभारी प्रताप सिंह नेगी, जीआरपी प्रभारी सुभाष तोमर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों ने धनबाद से फिरोजपुर जा रही जननायक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की शुक्रवार की देर रात तलाशी ली। ट्रेन में किसी संदिग्ध के न मिलने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
रेलवे सुरक्षा बल ने सूचना देने वाले व्यक्ति से संपर्क किया तो उसने स्वयं का नाम पंकज निवासी अमरोहा बताया। उसने बताया कि वह मुरादाबाद से अमरोहा जा रहा था तभी कुछ व्यक्तियों से मुरादाबाद में उसका झगड़ा हो गया। जिसके चलते उसने ट्रेन में संदिग्ध होने की सूचना दी। उसकी लोकेशन लक्सर रेलवे स्टेशन पर मिलने से उसकी धरपकड़ के लिए रेलवे सुरक्षा बल सक्रिय हो गया।
- जीआरपी पहले से चला रही है ट्रेनों का तलाशी अभियान
नजीबाबाद। करीब तीन सप्ताह पहले असामाजिक तत्व के नाम से रेल मंत्रालय के नाम लिखा एक पत्र रेलवे को मिला था। जिसमें मुंबई सेंट्रल से फिरोजपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस ट्रेन को 30 दिन के भीतर दोबारा न चलाने पर ट्रेनों में विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। धमकी भरे पत्र में बांदरा देहरादून एक्सप्रेस तथा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कोई भी ट्रेन को निशाना बनाने की बात कही गई थी। फरवरी के अंत में पत्र मिलने के बाद से मुरादाबाद पुलिस अधीक्षक ने मंडल के सभी स्टेशनों को सतर्कता बरतने और ट्रेनों पर संदिग्धों की चेकिंग के निर्देश दिए थे। जीआरपी नजीबाबाद लगातार ट्रेनों का कई दिनों से तलाश अभियान चला रहा है।