पति की लंबी आयु के लिए आज व्रत रखेंगी सुहागिन
बिजनौर। सुहागिन महिलाएं आज करवाचौथ का व्रत रखेंगी। महिलाएं भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय की पूजा कर पति की लंबी आयु की कामना करेंगी। करवाचौथ का व्रत कार्तिक माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाएगा। करवाचौथ पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:54 मिनट से 7:09 मिनट तक रहेगा।
करवाचौथ पर महिलाएं चंद्रमा के दर्शन करने के बाद उनको अर्घ्य अर्पण करके व्रत को पूर्ण करती हैं। इस बार करवाचौथ का व्रत महिलाएं आज रखेंगी। करवाचौथ शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है। करवा यानि मिट्टी का बर्तन और चौथ यानि चतुर्थी तिथि। गांवों से लेकर शहरों तक करवाचौथ त्योहार की धूम है। सभी सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए करवाचौथ का व्रत श्रद्धा और उत्साह के साथ रखेंगी।
सिविल लाइन स्थित धार्मिक संस्थान विष्णुलोक के ज्योतिषविद् पंडित ललित शर्मा ने बताया कि आज चंद्रोदय का समय रात 8:08 मिनट पर होगा। करवाचौथ का व्रत रखने वाली महिलाएं सात बजे तक पूजन करने के बाद चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य अर्पण करेंगी। पंडित विकास शर्मा ने बताया कि करवाचौथ के दिन भगवान गणेश के आशीर्वाद से दांपत्य जीवन सुखमय रहता है। करवाचौथ के दिन खाने में मीठा जैसे खीर, लड्डू या हलवा जरूर शामिल करें। सबसे पहले भगवान को इसका भोग लगाएं।
इन मंत्रों के साथ करें पूजन
ओम तत्पुरुषाय विद्मते महादेवाय धीमहि, तन्नो रुद्र प्रचोदयात्
ओम पार्वतीपतये नम:
ओम तत्पुरुषाय विद्मते महा सैन्या धीमहि, तन्नो स्कंदा प्रचोदयात्
ओम एकदंताय विद्महे, वक्रतुंडाय, धीमहि, तन्नो दंती प्रचोदयात्
बिजनौर में करवाचौथ के लिए चूडियां पसंद करती महिलाएं।- फोटो : BIJNOR