पांच सितंबर को जारी होगा गन्ने का प्री-कैलेंडर
बिजनौर। आगामी गन्ना पेराई सीजन के लिए पांच सितंबर को प्री-कैलेंडर जारी किया जाएगा। विभाग के जारी प्री-कैलेंडर में गन्ना संबंधी समस्त जानकारी रहेगी। किसान अपना प्री-कैलेंडर की जांच कर लें, यदि गन्ना प्री-कैलेंडर में कोई त्रुटि है, तो उसका निस्तारण करा लें, ताकि उन्हें गन्ना सीजन में परेशानी न उठानी पड़े।
जनपद बिजनौर गन्ना बेल्ट के नाम से प्रसिद्ध है। यहां गन्ना क्षेत्रफल दो लाख 55 हजार 708 हेक्टेयर क्षेत्रफल में है। जबकि गत पेराई सत्र में दो लाख 50 हजार 64 हेक्टेयर क्षेत्रफल में था। गन्ना क्षेत्रफल में बढ़ोत्तरी हुई है। अक्टूबर माह के अंत में चीनी मिलों का संचालन होने की संभावना है। इसे देखते हुए गन्ना विभाग ने युद्ध स्तर पर तैयारी आरंभ कर दी है। गांव-गांव सट्टा सर्वे प्रदर्शन कार्यक्रम पूर्ण होने के उपरांत प्री-कैलेंडर जारी करने की तैयारी अंतिम पड़ाव है। गन्ना विभाग गन्ने के संबंध में समस्त जानकारी फीड कर हा है। पांच सितंबर से प्री-कैलेंडर जारी किया जाएगा।
ऑनलाइन देख सकते हैं समस्त जानकारी
गन्ना विभाग की ओर से हुए गन्ना सर्वे का समस्त विवरण ऑनलाइन भी फीड हो रहा है। किसान विभाग की साइड पर पहुंचकर अपना गन्ना क्षेत्रफल, पर्ची, पौधा, पेडी आदि का विवरण देख सकते हैं।
गन्ना क्षेत्रफल पर नजर
इस वर्ष - 2, 55,708 हेक्टेयर क्षेत्रफल
गत वर्ष - 2, 50, 064 हेक्टेयर क्षेत्रफल
-अगेती प्रजाति 255691 हेक्टेयर क्षेत्रफल
गन्ना सर्वे के उपरांत सट्टा प्रदर्शन का कार्य भी हो गया है। प्रदर्शन में सामने आई त्रुटियों को सही कराकर फीडिंग का कार्य चल रहा है। पांच सितंबर से प्री-कैलेंडर जारी कर दिया जाएगा। किसान प्री-कैलेंडर को देख लें, कोई त्रुटि रहती है, तो समितियों पर आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर सही करा लें।
- पीएन सिंह, जिला गन्ना अधिकारी