हाईवे पर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी
मंडावली। नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
चीनी मिलों का पेराई सत्र शुरू होते ही कामगारपुर व भागूवाला सहित अनेक गन्ना सेंटरों से ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली गन्ने की आपूर्ति करते हैं। खस्ताहाल मार्ग पर ओवरलोड गन्ना वाहन अक्सर अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। रविवार को नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर करीब एक बजे मोहनपुर के सामने गन्ने से भरा ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। जिस समय ट्रैक्टर-ट्राली पलटी उस समय साइड से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रीय ग्रामीणों मोहित कुमार, सुरेंद्र सिंह, लाखन, मुनेश, संतोष, सुरेश, ब्रह्मपाल सिंह का कहना है कि चीनी मिलों के पेराई सत्र शुरू होते ही गन्ना सेंटरों से गन्ना वाहन चंद पैसों के लालच में ओवरलोड करते हैं। खस्ताहाल मार्ग पर अक्सर गड्ढों के कारण अनियंत्रित होकर ओवरलोड वाहन पलट जाते हैं। कभी-कभी ओवरलोड वाहन बड़े हादसे का सबब बन जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।