नजीबाबाद चीनी मिल में गेट मीटिंग करते कर्मचारी।
नजीबाबाद। किसान सहकारी चीनी मिल और आसवनी प्लांट के कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के विरोध में होली नहीं मनाई। चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने सात प्रतिशत महंगाई भत्ता तत्काल दिए जाने की मांग की।
सहकारी चीनी मिल एवं आसवनी कर्मचारी संघ ने वर्ष 2021 में सात प्रतिशत महंगाई भत्ता नहीं दिए जाने के विरोध में होली नहीं मनाकर गेट मीटिंग की। किसान सहकारी चीनी मिल के गेट पर रसायनविद डीके मिश्रा की अध्यक्षता में चीनी मिल और आसवनी प्लांट के कर्मचारियों ने बैठक की। कर्मचारी नेताओं संघ के अध्यक्ष एसके गौतम, डीपी सिंह रवि ने कहा कि चीनी मिल और आसवनी कर्मचारी लंबे समय से महंगाई भत्ता दिए जाने की मांग करते आए हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार से तत्काल महंगाई भत्ता भुगतान कराने की मांग की। चीनी मिल कर्मचारी सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में काली पट्टी बांधकर काम पर आ रहे हैं।
डीपी सिंह रवि के संचालन में आयोजित गेट मीटिंग में मुख्य गन्ना अधिकारी डॉ. एसएस ढाका, मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार, आलोक गुप्ता, राम निवास, एचएस गुप्ता सहित चीनी मिल के बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।