- अमरोहा के नौगावां सादात पुलिस ने नींदडू में दी दबिश, दो कार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
- अमरोहा के लिए खास -
नींदडू (बिजनौर)। बरात में गए युवकों को कार की खिड़कियां और छत खोलकर डांस और स्टंट करना महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अमरोहा के नौगावां सादात पुलिस ने कार्रवाई के क्रम में नींदडू में दबिश दी और दो वाहनों को अपने साथ थाने ले गई।
मंगलवार को एक मोहल्ले से बरात अमरोहा जनपद के कस्बा नौगांवा सादात गई थी। दोपहर बाद कस्बे में पहुंची बरात में शामिल दो कारों में सवार 10-12 युवकों ने मोहल्ला अली नगर में चलती कार की छत तथा दूसरी कार की खिड़कियां खोलकर तेज आवाज में बज रहे फिल्मी गीतों पर न केवल डांस किया, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर स्टंट भी किए। किसी व्यक्ति ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। बुधवार की शाम थाना नौगांवा सादात के प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ नींदडू पहुंचे तथा दोनों कारों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने स्टंट करने तथा दूसरों के लिए खतरा बनने वाले युवकों के संबंध में जानकारी हासिल की। स्टंट करने वाले युवकों के मौके पर नहीं मिलने के बाद पुलिस दोनों वाहनों को अपने साथ ले गई।