कादराबाद। एनसीसी के छात्रों ने स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाकर गांववासियों को स्वच्छता व साफ सफाई की शपथ दिलाई।
गांव कादराबाद स्थित बीएसए इंटर कॉलेज के एनसीसी के छात्रों ने स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत रैली निकाल गांव में सफाई अभियान चलाकर गांववासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली गांव में कालेज से शुरू होकर कादराबाद बस स्टैंड व गांव विजयनगर होते हुए कालेज में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्रों ने गांव के मार्गों से कूड़ा उठाकर कूड़ेदान में डाला। पॉलिथीन के प्रयोग व जलाने से होने वाले रोगों की जानकारी दी। साथ ही मार्ग पर आने जाने वाले राहगीरों को रोककर यातायात के नियमों के पालन करने तथा बिना हेलमेट के वाहन न चलाने का आह्वान किया। रैली को सफल बनाने में विद्यालय के एनओ राजकुमार गौतम, अध्यापक ऋषिराम, तेजपाल, प्रदीप कुमार तथा रामअवतार का योगदान रहा।