बालक पर आवारा कुत्तों ने किया हमला
बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र के गांव महमूदपुर निवासी आठ वर्षीय तनिष्क पर कुत्तों ने हमला कर दिया। जिसमें बालक बुरी तरह जख्मी हो गया। परिजन उसको जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। इलाज के दौरान तनिष्क दर्द से कराहता रहा।
गांव निवासी जोगेंद्र का पुत्र तनिष्क (8) बृहस्पतिवार को अपनी माता क्रांति के साथ खेत पर गया था। खेत पर क्रांति गन्ना छिलने लगी और तनिष्क खेत के पास ही चकरोड पर खेलने लगा। वहीं पास में ही दो कुत्ते आपस में लड़ रहे थे। इस दौरान दोनों कुत्तों ने तनिष्क पर हमला कर दिया। कुत्तो ने तनिष्क के हाथ, पैर, सिर और कमर पर वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। खेत में काम कर रहे अन्य लोगों ने बालक को कुत्तों से बचाया। बच्चे के ताऊ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे की है। आज से पहले कुत्तों ने किसी पर हमला नहीं किया। गांव के आसपास मरे हुए जानवर खाने से कुत्ते मांसाहारी हो रहे हैं। परिजन तनिष्क को इलाज के लिए चांदपुर सीएचसी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे के जख्मों को साफ करके पट्टी की। इमरजेंसी में तैनात डॉ. अंकित चौधरी ने बताया कि बच्चे को एंटी रैबिज और सीरम कर इंजेक्शन लगा दिया गया है।